Monday, February 24, 2014

हिज्र कि रुत गुलाब की जाए
आज क्यों ना शराब पी जाए

हमने सोचा है उसके वादे पे
ज़िंदगानी  गुज़ार दी जाए

 हो चला वक़्त उसके आने का
शक़्ल-ओ-सूरत संवार ली जाए


Wednesday, January 29, 2014

मां-बाप कि ग़ुर्बत पे यूँ पड़ता रहा पर्दा
भाई कि कमीज़ों को बड़े शौक़ से पहना

 जिसने कभी उतरन नहीं पहनी हो क्या जाने
खद्दर  का लबादा मुझे क्योंकर नहीं चुभता

कल मेरा था, अब उसका है कल होगा किसी का
मैं उसका था मैं उसका हूँ मैं उसका रहूँगा

जिसने मुझे आज़ाद किया क़ैद-ए-बदन से
मैं उसको दुआएं नहीं देता तो क्या करता

Monday, January 20, 2014

प्यार मुझसे जताती रहती  है
और फिर आज़माती  रहती है

ज़िक्र मेरे   सुधरने  का करके
ऐब मेरे गिनाती रहती है

मेरी तन्हाइयों के शानों पर
याद चाबुक चलाती रहती है

उसको आना है ख्वाब में शायद
नींद चक्कर लगाती रहती है

दर्द अपने सुनाने को दुनिया
शेर' मुझसे लिखाती रहती है !

Monday, November 11, 2013

लफ़्ज़ों  का व्यापार सिखा दे
मुझको दुनियादार बना दे

ख़ौफ़-ए- ख़ुदा यूँ क़ायम होगा
मुझको  थोड़ी और सज़ा दे

मिसरे नारों से गूँजेंगे
स्याही में कुछ ख़ून मिला दे 

तौबा कि टूटन के ग़म में 
मुझको थोड़ी और पिला दे

मैं अब ख़ुद से ऊब  गया हूँ
मुझको कोई और बना दे

Thursday, November 7, 2013

कोई पूछता नहीं है, कोई छेड़ता नहीं है
मेरे काम आ रहा है, 'मेरा काम का न होना' !!

कोई इत्तेफ़ाक़ है या चले जाने का इशारा
तेरी बज़्म में हमारे लिए जाम का न होना

मेरे हाथ सिर्फ मेहनत, तेरे हाथ में थी शोहरत
तो ख़ता बता है किसकी, मेरे नाम का न होना

मुझे याद आयी अक़सर वो शुरू की बेकरारी
मेरा दिन न काट पाना तेरी शाम का न होना

सुनें मंज़िलों के क़ैदी, बस इसी में है रिहाई
किसी धाम का न होना, किसी गाम का न होना

Tuesday, October 1, 2013

अब तक देखना चाहा नहीं या तुमको दिखा नहीं है
इस दुनिया में दुनिया वालो कुछ भी नया नहीं है

इश्क किया है, दिल टूटा है, तब यह कह सकते हैं
ऐसा कोई दर्द नहीं जो हमने सहा नहीं है

मैंने ज़ुल्म किये ये सच है लेकिन तू भी चुप था
हाँ मैं इन्सां नहीं हूँ लेकिन तू भी ख़ुदा नहीं है

हर ज़ालिम को जिंदा रखके उसके ज़ुल्म गिनाओ
मर जाना तो बच जाना है कोई सज़ा नहीं है

मेरे अंदर शोर है कोई जिसको रक़म किया है
हाँ! ये मेरा लिखा है पर मेरा कहा नहीं है

Monday, September 16, 2013

दिल को ग़म से  भर जाना है
ये जीवन का हर्जाना है

सोचके  हैरानी होती है
हमको इक दिन मर जाना है

कुछ दिन के मेहमान यहाँ फिर
सबको  अपने घर जाना है

आंसू की भी  क्या क़िस्मत है
सुख में दुःख में झर जाना है

मल्हा, तूफां मौजें सुन लें
इस कश्ती को तर जाना है